बलौदाबाजार(अमर छत्तीसगढ़) 29 मई । छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम रमदैया में शासकीय भूमि पर बने दो मंजिला पक्के मकान को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई बलौदाबाजार पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, भाटापारा तहसील अंतर्गत ग्राम रामदैया में गांव के ही एक दबंग व्यक्ति द्वारा कई वर्षों से स्कूल की शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर दो मंजिला मकान का निर्माण कर लिया गया था। ग्रामीण लंबे समय से इस अतिक्रमण को हटाने की मांग कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
बताया जा रहा है कि बीते शुक्रवार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुशासन तिहार कार्यक्रम के तहत इस क्षेत्र में पहुंचे थे। इस दौरान ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से सीधे शिकायत कर स्कूल की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की थी। शिकायत के बाद प्रशासन हरकत में आया और शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर पूरे अवैध निर्माण को हटाया गया। इस कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में संतोष देखा गया। प्रशासन का कहना है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस बुलडोजर कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों को कड़ा संदेश गया है।

