धमतरी(अमर छत्तीसगढ़) 17 जुन । छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ACB ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिंचाई विभाग के एक कर्मचारी को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान लखेश्वर साहू के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों को निपटाने और भुगतान प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की पुष्टि की और आरोपी को पकड़ने के लिए योजना बनाई।
इसके बाद टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि रिश्वत की रकम का लेनदेन आरोपी के निजी निवास पर हो रहा था। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की राशि ली, एसीबी की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े दस्तावेजों व अन्य लेनदेन की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई की जानकारी सामने आते ही सिंचाई विभाग में हड़कंप मच गया। एसीबी अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या विभागीय कार्यों के नाम पर रिश्वतखोरी का कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था।

