रायपुर (अमर छत्तीसगढ़) 19 जून 2026: मालवीय रोड स्थित श्री आदिनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर (लघु तीर्थ) में आज दिनांक 19 जून 2026, शुक्रवार (ज्येष्ठ शुक्ल पंचमी, वीर निर्वाण संवत २५५२) को श्रुत पंचमी का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।
सुबह 8 बजे से मूलनायक प्रथम तीर्थंकर भगवान श्री आदिनाथ की बेदी के समक्ष बड़ा मंदिर के पंडित संजय जैन के सानिध्य में देव-शास्त्र-गुरु पूजन, भव्य अभिषेक एवं संपूर्ण विश्व में सुख, शांति और समृद्धि की कामना के साथ पावन शांतिधारा संपन्न की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से “श्रुत स्कन्द विधान” में कुल 51अर्घ्य समर्पित किए।
बड़ा मंदिर के अध्यक्ष संजय जैन नायक एवं मीडिया प्रभारी प्रणीत जैन ने पर्व का महत्व बताते हुए कहा, “यह महापर्व उन महान आचार्यों को कृतज्ञतापूर्वक स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने अपने तप, त्याग और पुरुषार्थ से जिनवाणी को लिपिबद्ध कर सुरक्षित रखा और आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाया।”

विधान के उपरांत दिगंबर जैन आदिनाथ महिला मंडल द्वारा मंदिर जी में विराजमान समस्त शास्त्रों और मां जिनवाणी की पूर्ण श्रद्धा व समर्पण,सेवा के साथ सफाई कर नए सुंदर कवर (वेष्टन) चढ़ाए गए। पूजन के बाद सभी श्रद्धालुओं ने मां जिनवाणी को मस्तक पर विराजमान कर वेदियों की परिक्रमा की। इस दौरान पूरा जिनालय ‘मां जिनवाणी के जयकारों’ से गुंजायमान हो उठा।
इस मांगलिक अवसर पर श्री आदिनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर (लघु तीर्थ) ट्रस्ट एवं कार्यकारिणी के पदाधिकारीगण,अध्यक्ष संजय नायक जैन, उपाध्यक्ष श्रद्धेय जैन (विक्की), उपाध्यक्ष नीरज जैन (अलका रेस्टोरेंट), सहसचिव बंशी लाल जैन, प्रणीत जैन,टैगोर नगर मंदिर से नवीन जैन, समित जैन, विजय जैन, पलक जैन तथा महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती सरिता जैन सहित बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी समाजजन उपस्थित रहे।

