कवर्धा(अमर छत्तीसगढ़) 20 जुन । छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के बम्हनी धान खरीदी केंद्र में लगभग 77 लाख रुपये के धान घोटाले का बड़ा खुलासा हुआ है। मामले में केंद्र प्रभारी सहित तीन लोगों के खिलाफ रेंगाखार थाना में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
प्रशासनिक जांच में सामने आया है कि, कागजों में राइस मिलों के लिए लगातार डीओ यानी डिलीवरी ऑर्डर जारी किए जाते रहे, जबकि वास्तविक स्थिति संदिग्ध पाई गई।
आरोप है कि, करीब चार माह तक ऑनलाइन सिस्टम को गुमराह कर धान का निर्गमन दर्शाया जाता रहा। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि, खरीदी केंद्र की क्लोजिंग रिपोर्ट पर संबंधित नोडल अधिकारी के हस्ताक्षर नहीं थे। इसके बावजूद आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी किए बिना ऑनलाइन मॉड्यूल से धान जारी होने की प्रविष्टियां दर्ज होती रहीं।
शिकायत और जांच रिपोर्ट के आधार पर रेंगाखार थाना पुलिस ने केंद्र प्रभारी सहित तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घोटाले में अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
इस मामले के सामने आने के बाद धान खरीदी व्यवस्था की पारदर्शिता, निगरानी तंत्र और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन का कहना है कि, जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

