शांतिधारा, स्वाध्याय व दीक्षार्थी भाइयों का भव्य बिंदोला संपन्न; मुनिश्री पुनीत सागर जी के सानिध्य में ‘थर्ड आई’ कार्यशाला का आगाज

शांतिधारा, स्वाध्याय व दीक्षार्थी भाइयों का भव्य बिंदोला संपन्न; मुनिश्री पुनीत सागर जी के सानिध्य में ‘थर्ड आई’ कार्यशाला का आगाज

रायपुर (अमर छत्तीसगढ़) 22 अगस्त ।

रायपुर के बड़ा मंदिर में भक्ति का संगम: शांतिधारा, स्वाध्याय व दीक्षार्थी भाइयों का भव्य बिंदोला संपन्न; मुनिश्री पुनीत सागर जी के सानिध्य में ‘थर्ड आई’ कार्यशाला का आगाज, कल पार्श्वनाथ भगवान का महामस्ताभिषेक व स्फटिक प्रतिमाओं का होगा अभिषेक

समयोपदेश वर्षायोग (चातुर्मास) 2026 के अंतर्गत श्री दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर, मालवीय रोड, रायपुर में शनिवार का दिन अत्यधिक भक्ति, संयम और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ। पूज्य मुनिसंघ के पावन सानिध्य में प्रातःकाल से लेकर संध्या तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, स्वाध्याय, आहारदान, दीक्षार्थी सम्मान एवं संस्कार कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।

समयोपदेश वर्षायोग 2026 समिति के कार्यकारी अध्यक्ष श्री संजय नायक जैन एवं उपाध्यक्ष श्री श्रद्धेय जैन विक्की,मीडिया प्रभारी प्रणीत जैन ने संयुक्त रूप से बताया कि आज दिनांक 22 अगस्त को प्रातः 7:30 बजे बड़ा मंदिर में मूलनायक भगवान जी की बेदी के समक्ष जिनेन्द्र प्रभु का अभिषेक एवं बृहद शांतिधारा का आयोजन किया गया।

मुनि श्री 108 पुनीत सागर जी महाराज के मुखारविंद से उच्चारित पावन मंत्रोच्चार के बीच शांतिधारा संपन्न हुई। आज की शांतिधारा एवं अभिषेक का परम सौभाग्य श्री निर्मल मनीता खुशबू जैन एवं श्री प्रवीण कुमार उमंग कुमार जैन परिवार को प्राप्त हुआ। अभिषेक एवं शांतिधारा के उपरांत धार्मिक कक्षाओं का आयोजन हुआ।

स्वाध्याय की श्रृंखला में मुनि श्री 108 पुनीत सागर जी महाराज ने श्रद्धालुओं को ‘तत्त्वार्थ सूत्र’ के पंचम अध्याय का गहन अध्ययन करवाया। वहीं मुनि श्री 108 आगम सागर जी महाराज ने धार्मिक कक्षा में ‘छह ढाला’ ग्रंथ की तीसरी ढाल का वाचन व अध्यापन कराया।

अभिषेक-पूजन एवं स्वाध्याय के पश्चात श्रद्धालुओं ने पूरे भाव-भक्ति व नवधा भक्ति पूर्वक मुनिसंघ को आहारदान देकर पुण्य लाभ अर्जित किया। मुनि श्री 108 आगम सागर जी महाराज को आहारदान देने का सौभाग्य दीपक भैया जी, जिनेश कुमार, नवीन कुमार, राकेश, मुकेश, अनिमेश, निधि दीदी, मधु दीदी, राजकुमारी जी एवं प्रमोद कुमार जी (फूफा जी, आरोन वाले) को प्राप्त हुआ।

मुनि श्री 108 पुनीत सागर जी महाराज को आहारदान कराने का सौभाग्य मोना अक्षत जैन (जगदलपुर वाले) को प्राप्त हुआ। एलक 105 श्री स्वागत सागर जी महाराज को उनके निज निवास पर आहारदान कराने का पुण्य लाभ भरत जैन भोरावत, हर्षवर्धन एवं प्रिंस जैन भोरावत परिवार को मिला। विशेष रूप से एलक 105 श्री धैर्य सागर जी महाराज का आज वार्षिक व्रत रहा।

परम पूज्य पट्टाचार्य 108 श्री विशुद्ध सागर जी महामुनिराज के पावन करकमलों से आगामी चातुर्मास के दौरान दिल्ली में आयोजित होने वाली भव्य जैनेश्वरी दीक्षा के परिप्रेक्ष्य में, मोक्ष मार्ग की ओर अग्रसर संयमी दीक्षार्थी भाइयों का गोद भराई, बिंदोला एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया।

वर्षायोग समिति एवं महिला मंडल के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में बा. ब्र. अंकित जैन जी (प्रतापगढ़, राजस्थान), बा. ब्र. अनिकेत भैया जी, बा. ब्र. यश भैया जी (पिंड, म.प्र.), बा. ब्र. प्रसन्न पाटनी जी एवं ब्र. वकील चंद जी (बडीत, उ.प्र.) का मंगल तिलक, वस्त्र एवं उपहार भेंट कर भावभीना अभिनंदन किया गया।

पूज्य मुनि श्री 108 पुनीत सागर जी महाराज के सानिध्य में बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं उनकी आंतरिक क्षमताओं को जागृत करने हेतु ‘थर्ड आई’ (अंतर्ज्ञान चक्षु) की विशेष कक्षा का शुभारंभ आज शाम 4 बजे से किया जा रहा है। यह विशेष कक्षा प्रति शनिवार एवं रविवार को आयोजित होगी, जिसमें बच्चे ध्यान और साधना के माध्यम से अपनी मानसिक व

अंतर्ज्ञान शक्ति को बढ़ाने के व्यावहारिक सूत्र सीखेंगे।
कल दिनांक 23 अगस्त (रविवार) के विशेष धार्मिक कार्यक्रम

  • प्रातः 7:30 बजे: भगवान पार्श्वनाथ जी का महामस्ताभिषेक, चमत्कारिक स्फटिक मणि की प्रतिमाओं का अभिषेक एवं शांतिधारा।
  • दोपहर 1:00 से 3:00 बजे: बच्चों हेतु ‘थर्ड आई’ (अंतर्ज्ञान चक्षु) विशेष कक्षा।
  • दोपहर 3:00 बजे: पूज्य मुनि श्री 108 आगम सागर जी महाराज की मंगल देशना,प्रवचन।
    वर्षायोग समिति एवं श्री दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर प्रबंधकारिणी समिति ने रायपुर की समस्त धर्मप्रेमी जनता से अनुरोध किया है कि कल रविवार के इन सभी पावन आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में पधारकर मुनिसंघ का दर्शन-वंदन करें और धर्म लाभ प्राप्त करें।

Chhattisgarh