रायपुर… भगवान के पालना झुलाने की जीवंत रंगोली बनी विशेष आकर्षण

रायपुर… भगवान के पालना झुलाने की जीवंत रंगोली बनी विशेष आकर्षण


रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 12 सितंबर । नवकार नगर स्थित श्री मुनि सुब्रत स्वामी जिनालय एवं मणिधारी दादाबाड़ी में पर्यूषण महापर्व के दौरान भगवान महावीर स्वामी के जन्म प्रसंग को समर्पित एक अत्यंत मनोहारी एवं भावपूर्ण हस्तनिर्मित रंगोली श्रद्धालुओं के आकर्षण का विशेष केंद्र बनी।


कलाकारों द्वारा हाथों से तैयार की गई इस रंगोली में भगवान महावीर स्वामी के बाल स्वरूप को भव्य पालने में विराजमान तथा माता द्वारा स्नेहपूर्वक पालना झुलाते हुए दर्शाया गया है। रंगों की बारीकियों, पालने की आकर्षक सजावट और मातृत्व भाव की सुंदर अभिव्यक्ति ने पूरे दृश्य को जीवंत स्वरूप प्रदान किया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो भगवान के जन्मोत्सव का पावन दृश्य प्रत्यक्ष रूप से श्रद्धालुओं के सामने साकार हो उठा हो।


विशेष बात यह रही कि रंगोली को केवल सजावट के उद्देश्य से नहीं, बल्कि भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक के भावों को नई पीढ़ी तक कलात्मक माध्यम से पहुंचाने के उद्देश्य से तैयार किया गया। जिनालय आने वाले श्रावक-श्राविकाओं, बच्चों एवं युवाओं ने इसे उत्सुकता से देखा और इस कलात्मक प्रस्तुति की सराहना की।

Chhattisgarh